नयी दिल्ली , अक्टूबर 23 -- केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने शुक्रवार को ओडिशा के भुवनेश्वर में 19वें अर्बन मोबिलिटी इंडिया (यूएमआई) सम्मेलन और प्रदर्शनी 2026 का उद्घाटन किया।

दो दिवसीय इस सम्मेलन में 'डिजिटल युग में शहरी पहुंच और जीवन सुगमता' विषय पर किया जा रहा है। इस अवसर पर ओडिशा के आवासन एवं शहरी विकास मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र और राज्य की मुख्य सचिव अनु गर्ग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

श्री तोखन साहू ने इस मौके पर कहा कि शहरी परिवहन का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सुलभ यात्रा सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि देश में मेट्रो नेटवर्क 2014 के 248 किलोमीटर से बढ़कर 26 शहरों में 1,185 किलोमीटर से अधिक हो गया है।

सम्मेलन में 28 प्रदर्शक आधुनिक परिवहन तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले दिन डिजिटल मोबिलिटी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्मार्ट परिवहन, महिला-केंद्रित शहरी नियोजन, स्वच्छ वायु और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन पर चर्चा हुई। आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन में देश-विदेश के लगभग 1,500 प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है।

श्री तोखन साहू और डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र ने महामेट्रो के स्टॉल का दौरा कर उद्घाटन भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित