उन्नाव , दिसंबर 16 -- उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक लग्जरी कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई।

यह हादसा सुबह करीब छह बजे एक्सप्रेसवे हवाई पट्टी 241 किलोमीटर के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, आगरा से लखनऊ की ओर जा रही एक फॉर्च्यूनर कार का टायर फट जाने से गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा टीम ने पहुंचकर रेस्क्यू कर सभी सवार चारों गंभीर घायलों को निकाल कर बांगरमऊ सीएचसी भेजा जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद चालक वाहन से बाहर गिर गया और कार करीब 500 मीटर तक घिसटती चली गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा और टायर का फट जाना बताया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित