नैनीताल , मई 09 -- उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शनिवार को नैनीताल जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में व्यवस्थाओं, चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति समेत मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एक चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित चिकित्सक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में उपचार व्यवस्था, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन को बेहतर, सुगम और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

स्वास्थ्य मंत्री के निरीक्षण से महकमे में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं स्थानीय लोगों ने अस्पतालों में जवाबदेही तय करने की इस पहल का स्वागत किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित