भिण्ड , अक्टूबर 11 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के दबोह में उधार पर शराब नहीं देने से नाराज दो युवकों पर शराब ठेके के मैनेजर और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना नौ अक्टूबर की रात की है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया है। पुलिस ने अमित यादव और जीतू राजावत के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।
शराब ठेके के मैनेजर रवि शिवहरे के अनुसार, उधारी पर शराब नहीं देने के कारण अमित यादव की गाड़ी बंद की जा रही थी। इस संबंध में दबोह थाना प्रभारी को भी सूचना दी गई थी। आरोप है कि नौ अक्टूबर की देर रात अमित यादव और जीतू राजावत काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे और हथियार लेकर दबोह स्थित उनके किराये के मकान में घुस गए।
शिकायत के मुताबिक, उस समय रसोइया दुर्जन सिंह घर के अंदर खाना खा रहा था। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और अमित यादव ने रसोइये के साथ मारपीट की। आवाज सुनकर मैनेजर रवि शिवहरे ने छत से आवाज लगाई तो दोनों आरोपी ऊपर पहुंचे। आरोप है कि जीतू राजावत ने रवि के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जबकि अमित ने बंदूक के बट से उसके दाहिने कान के पीछे वार किया, जिससे वह घायल हो गया।
इसी दौरान सेल्समैन रघुनाथ राजावत और अभिषेक शिवहरे मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। मैनेजर ने आरोप लगाया कि युवकों ने उसका मोबाइल छीन लिया और ठेकेदार को भी गालियां दीं। जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी और समथर तिराहे की ओर भाग गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित