रुद्रपुर , अप्रैल 15 -- ऊधमसिंह नगर जिले में अवैध लिंग चयन पर रोक और कानून के सख्त पालन के लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुधवार को व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान 10 अल्ट्रासाउंड और डायग्नोस्टिक केंद्रों की जांच की गई, जिसमें तीन मशीनों को सील किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के. के. अग्रवाल के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व (पीसी-पीएनडीटी) नोडल अधिकारी डॉ. एस. पी. सिंह ने किया। टीम में तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान पंत हॉस्पिटल, शुभम हॉस्पिटल और राजकीय पशु चिकित्सालय में खराब पड़ी कुल तीन अल्ट्रासाउंड मशीनों को सील किया गया। टीम ने इन केंद्रों पर अभिलेखों की जांच, फॉर्म-एफ के रख-रखाव और अनिवार्य सूचनाओं का भी परीक्षण किया।

यह कार्रवाई गर्भधारण पूर्व और प्रसव पूर्व निदान तकनीक अधिनियम (पीसी-पीएनडीटी एक्ट) के तहत की गई, जिसका उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई पर रोक लगाना और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित