जम्मू , जुलाई 18 -- जम्मू-कश्मीर के उधमपुर ज़िले में जखानी के पास शनिवार को एक गाड़ी के दुर्घटनाग्रस्त होने से श्री अमरनाथ यात्रा के कम से कम पांच तीर्थयात्री घायल हो गए।
पुलिस ने बताया, "जम्मू से श्रीनगर जा रहे काफिले में शामिल एक एसयूवी गाड़ी आज सुबह जखानी इलाके में सड़क किनारे खड़े एक डंपर से टकरा गई।"जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा के लिए तैनात पुलिस, सेना और अर्द्धसैनिक बलों के जवान तुरंत हरकत में आए और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने कहा, "सभी पांचों घायलों की हालत स्थिर है।"इस बीच जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हालात का जायजा लिया। उन्होंने उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा और चिकत्सा अधिकारियों से बात की और निर्देश दिया कि सरकारी मेडिकल कॉलेज, उधमपुर में इलाज करा रहे घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा दी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित