सहारनपुर , मार्च 8 -- अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला इकाई सहारनपुर के तत्वावधान में स्थानीय रेलवे रोड स्थित जिला मुख्यालय कार्यालय पर विशेष बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों की महिला अधिकारियों को सम्मानित किया गया। बैठक के उपरांत व्यापारी प्रतिनिधियों ने राज्य कर विभाग कार्यालय पहुंचकर नवनियुक्त एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-1 श्रीमती रूबी सिंह तथा ज्वाइंट कमिश्नर श्रीमती सुरभि गंगवार को शॉल, बुके और पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा रामपुर मनिहारान स्थित एसडीएम कार्यालय में डॉ. पूर्वा शर्मा को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एडीशनल कमिश्नर ग्रेड-2 विजयानंद पाण्डेय तथा सीओ अशोक सिसौदिया भी उपस्थित रहे।
व्यापार मंडल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन और जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा ने संयुक्त रूप से कहा कि भारत में इस दिन को आदर्श नारी दिवस के रूप में भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं की सम्मानजनक स्थिति मजबूत होने से देश की प्रगति और तेज होगी तथा हर सफल पुरुष के पीछे एक नारी का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
श्री टण्डन ने कहा कि आजादी के बाद के दशकों में महिलाओं ने जीवन के लगभग हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने देश की प्रथम नागरिक द्रौपदी मुर्मू को देश का गौरव बताते हुए कहा कि भारतीय नारी ने राजनीति, साहित्य, कला, विज्ञान, खेल, व्यापार, उद्योग और प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, रजिया सुल्तान, कस्तूरबा गांधी, सरोजिनी नायडू, कैप्टन लक्ष्मी सहगल, मदर टेरेसा, महादेवी वर्मा, अमृता प्रीतम, कल्पना चावला, सुनीता विलियम्स, किरण बेदी, लता मंगेशकर, इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी, सुषमा स्वराज, निर्मला सीतारमण, मायावती, प्रतिभा पाटिल, ममता बनर्जी तथा कमला हैरिस सहित अनेक महिलाओं के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि इन हस्तियों ने देश और दुनिया में भारतीय नारी की प्रतिभा को नई पहचान दिलाई है।
बैठक में जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन, जिला महामंत्री रमेश अरोड़ा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, रमेश डावर, मेजर एस.के. सूरी, पवन गोयल, बलदेव राज खुंगर, अभिषेक भाटिया, महेन्द्र पाल चावला, विजय मोंगा, अशोक मलिक, मुरली खन्ना सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित