धार , अक्टूबर 01 -- मध्यप्रदेश के धार शहर के उद्यानों की सफाई और बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए नगर पालिका ने विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत शहर के एक दर्जन से अधिक उद्यानों को व्यवस्थित करने और अतिक्रमण मुक्त बनाने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान की शुरुआत गुरुवार को हटवाड़ा चौराहा स्थित गांधी उद्यान से की गई।

नगर पालिका की विशेष टीम ने गांधी उद्यान में करीब दो घंटे तक श्रमदान कर पूरे परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान उद्यान में खड़े बड़ी संख्या में वाहनों को हटाया गया। नपा कर्मचारियों ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि भविष्य में उद्यान परिसर में वाहन खड़े किए जाने पर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी।

नगर पालिका अधिकारियों ने क्षेत्र के रहवासियों और शहरवासियों से उद्यानों को अपनी संपत्ति समझकर उनका उपयोग व्यवस्थित एवं सुंदर पार्क के रूप में करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि उद्यानों के स्वच्छ रहने से आम लोगों और बच्चों को घूमने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

अधिकारियों के अनुसार शहर की विभिन्न कॉलोनियों में स्थित एक दर्जन से अधिक उद्यानों की सफाई के लिए विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम आगामी दो महीनों तक प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक बार अलग-अलग उद्यानों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगी।

सफाई के साथ उद्यानों के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है। जिन उद्यानों की दीवारें टूटी हुई हैं, उनकी मरम्मत जल्द की जाएगी। वहीं जिन पार्कों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है, वहां नए विद्युत पोल और तेज रोशनी वाले हेलोजन लैंप लगाए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित