सिंधुदुर्ग , अक्टूबर 21 -- महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नीतेश राणे ने बुधवार को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर मुंबई में बंगलादेशियों और रोहिंग्याओं का कथित समर्थन करने का आरोप लगाया और उनकी तुलना अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम से की।

श्री राणे ने सिंधुदुर्ग में संवाददाता सम्मेलन में कहा, "उद्धव ठाकरे आज मुंबई में वही कर रहे हैं, जो कभी दाऊद किया करता था। वह बंगलादेशियों और रोहिंग्याओं को ताकत दे रहे हैं, उनके लिए लड़ रहे हैं और उनका अस्तित्व बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।"सिंधुदुर्ग जिले के पालक मंत्री श्री राणे ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तुलना गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से किए जाने संबंधी विवादित टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए यह आरोप लगाया।

श्री राणे ने श्री राउत की टिप्पणी का जवाब देते हुए उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट पर मुंबई में अवैध प्रवासियों और उनके अनुसार राष्ट्रविरोधी तत्वों का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने श्री ठाकरे द्वारा 'सत्ता परिवर्तन' शब्दावली के इस्तेमाल की भी आलोचना की। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की शब्दावली 'अर्बन नक्सलियों' और डीप स्टेट के खिलाफ काम करने वाले लोगों से जुड़ी है।

यूबीटी गुट की हालिया दशहरा रैली को निशाना बनाते हुए श्री राणे ने आरोप लगाया कि यह पारंपरिक हिंदुत्व मूल्यों को कायम रखने के बजाय शरिया के समर्थकों को ध्यान में रखकर आयोजित की गई थी।

इस बीच, श्री राणे ने बताया कि बुधवार को सिंधुदुर्ग के जिलाधिकारी के साथ हुई बैठक में जिले के सभी सूखा प्रभावित किसानों का उचित आकलन सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित