मुंबई , जुलाई 05 -- शिवसेना (यूबीटी) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को आरोप लगाया कि अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी का मामला बड़ी राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया, "मंदिर से चुराये गये धन का इस्तेमाल विपक्षी विधायकों को तोड़ने के लिए किया जा रहा है।"श्री ठाकरे ने यह बात मुंबई में पार्टी के राज्यव्यापी 'राम रक्षा आंदोलन' का नेतृत्व करते हुए कही।

मूसलाधार बारिश के बीच दादर के ऐतिहासिक वटवृक्ष हनुमान मंदिर में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक जुटे।

खराब मौसम के बावजूद बड़ी तादाद में में मौजूद शिवसैनिकों, पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों ने 'महाआरती' में भाग लिया और सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा व राम रक्षा स्तोत्र का पाठ किया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे उद्धव ठाकरे के साथ युवा सेना प्रमुख आदित्य ठाकरे, वरिष्ठ नेता संजय राउत, अरविंद सावंत और अयोध्या से आये महंत तथा साधु भी शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि मंदिर के धन की चोरी कोई अकेली घटना नहीं है, बल्कि एक बड़ी राजनीतिक साजिश का हिस्सा है। उन्होंने दावा किया, "राम मंदिर से लूटे गये धन का इस्तेमाल 'ऑपरेशन राम मंदिर' के लिए किया जा रहा है, जो विपक्षी विधायकों को तोड़ने और उनकी खरीद-फरोख्त का एक जरिया है।"राम जन्मभूमि आंदोलन की विरासत का जिक्र करते हुए श्री ठाकरे ने कहा, "श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कभी कहा था, 'अब हिंदू मार नहीं खायेगा'। आज मैं कहता हूं, 'अब हिंदू माफ नहीं करेगा'।"उन्होंने आंदोलन से पहले लोकप्रिय हुए एक तीखे नारे के साथ पार्टी का रुख स्पष्ट किया, "राम द्रोह ही हिंदू द्रोह है, और हिंदू द्रोह ही देशद्रोह है।"देशभर में बहस का विषय बना यह विवाद अयोध्या के राम मंदिर के दानपात्रों से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब होने की रिपोर्टों से जुड़ा है। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) इस मामले की जांच कर रहा है और अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुका है।

शिवसेना (यूबीटी) ने कहा कि दादर का यह कार्यक्रम राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत है। मंदिर के धन के प्रबंधन में जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग को लेकर महाराष्ट्र भर के प्रमुख राम और हनुमान मंदिरों में इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित