मुंबई , अप्रैल 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बान ने कहा कि भले ही शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत चाहते हैं कि उद्धव ठाकरे विधानसभा में प्रवेश करें, लेकिन इस महत्वाकांक्षा को पूरा करने के लिए उन्हें कांग्रेस पार्टी के सहयोग की जरूरत होगी।
श्री बान ने कहा, "यूबीटी के गठन से पहले जब शिवसेना भाजपा के साथ गठबंधन में थी, तब आपके पास आत्म-सम्मान और गरिमा थी। लेकिन अब आपने अपना आत्म-सम्मान कांग्रेस के पास गिरवी रख दिया है।"भाजपा के मुख्य प्रवक्ता ने संजय राउत की कड़ी आलोचना करते हुए कहा, "याद रखें, एक विधायक सीट के लिए आपको सोनिया गांधी के सामने झुकना पड़ेगा।"उन्होंने कहा, "जनता ने पहले ही तय कर लिया है कि कौन सी शिवसेना और कौन सी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) वैध है। विधानसभा, जिला परिषद और नगर निगम चुनावों में जनता ने इस बात पर मुहर लगा दी है कि असली शिवसेना एकनाथ शिंदे की है और असली राकांपा अजित पवार और सुनेत्रा पवार की है। अब अदालत का फैसला आएगा लेकिन संजय राउत और यूबीटी गुट का अब शिवसेना या 'धनुष-बाण' चुनाव चिह्न पर कोई दावा नहीं रह गया है।"श्री बान ने राउत को याद दिलाया कि हिंदुत्व के साथ विश्वासघात करने के कारण जनता ने उन्हें नकार दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित