मधेपुरा , सितंबर 24 -- बिहार के मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र स्थित उदा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय के बाहर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की वास्तविकता स्पष्ट करते हुए इसे भ्रामक बताया है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पवन कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही बातें तथ्यहीन हैं। जांच में स्कूल के बाहर किसी प्रकार की छेड़खानी या अन्य अप्रिय घटना होने की पुष्टि नहीं हुई है।
श्री सिंह ने बताया कि घटना 22 सितंबर की है। विद्यालय में अर्धवार्षिक परीक्षा चल रही थी। प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं बाहर निकले। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल लेकर विद्यालय के बाहर खड़ा था। किसी छात्रा से मिलने के संदेह में कुछ छात्रों ने उससे पूछताछ शुरू कर दी। देखते ही देखते वहां अन्य छात्र भी पहुंच गए और उनके बीच बहस होने लगी। इसकी सूचना मिलते ही विद्यालय के शिक्षक मौके पर पहुंचे और सभी को समझा-बुझाकर वहां से हटा दिया। पुलिस की जांच में इस दौरान छेड़खानी अथवा किसी अन्य अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित