उदयपुर , अप्रैल 12 -- राजस्थान के उदयपुर में सुधारवादी बोहरा समाज से संबंधित दाऊदी बोहरा जमात(बोहरा यूथ) द्वारा 64 हाजियों की सामूहिक विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

दाऊदी बोहरा जमाअत के सचिव फ़िरोज़ हुसैन टीनवाला ने बताया कि बोहरवाड़ी स्थित जमातखाना में आयोजित कार्यक्रम में हाजियों को वरिष्ठ समाजजनों, रिश्तेदारों एवं मित्रों ने भावभीनी विदाई दी।

उन्होंने उन्होंने एक बताया कि उदयपुर से इस वर्ष 64 हाजी हज यात्रा पर रवाना हो रहे हैं। रविवार सुबह 10:45 बजे से ही हज यात्री अपने परिजनों के साथ जमातखाना पहुँचने लगे। यहाँ दाऊदी बोहरा जमाअत एवं दाऊदी बोहरा हज कमेटी के सदस्यों ने हाजियों का माल्यार्पण कर सार्वजनिक अभिनंदन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मौलाना आरिफ हुसैन द्वारा कुरआन शरीफ की तिलावत से हुई। इसके बाद मुर्तज़ा मगरवाला, असरार अहमद जावरियावाला एवं मालेगांव के मोइज़ हुसैन बादशाह ने नात व मनकबत पेश की। कार्यक्रम का संचालन अली असगर खिलौनावाला ने किया।

इस अवसर पर दाऊदी बोहरा जमाअत के अध्यक्ष इक़बाल हुसैन रस्सावाला, सचिव फ़िरोज़ हुसैन टीनवाला एवं हज कमेटी के फ़िरोज़ लोहावाला ने समारोह को संबोधित करते हुए हाजियों से समाज और देश में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के पश्चात बोहरवाड़ी स्थित जमातखाना से बैंड-बाजों के साथ हाजियों का जुलूस निकाला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित