जयपुर , फरवरी 15 -- रेलवे यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर उदयपुर सिटी- असारवा (अहमदाबाद) -उदयपुर सिटी सप्ताह में छह दिन (मंगलवार को छोड़कर) वंदे भारत एक्सप्रेस नई रेलसेवा का शुभारंभ सोमवार को करेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार इस वंदे भारत एक्सप्रेस स्पेशल रेलसेवा को सोमवार को उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गाडी संख्या 09663 उदयपुर सिटी-असारवा (अहमदाबाद) वंदे भारत एक्सप्रेस एक तरफा उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा सोमवार को उदयपुर सिटी से 12.25 बजे रवाना होकर 17.15 बजे असारवा (अहमदाबाद) पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में जावर, डूंगरपुर एवं हिम्मतनगर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।
इस उद्घाटन स्पेशल रेलसेवा में सात वातानुकुलित कुर्सीयान एवं एक एक्जिक्युटिव वातानुकुलित कुर्सीयान श्रेणी के डिब्बें होगें।
उन्होंने बताया कि यह नई रेलसेवा नियमित गाडी संख्या 26963 एवं 26964, उदयपुर सिटी-अहमदाबाद (असारवा)- उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन (मंगलवार को छोडकर) के रूप में 18 फरवरी से संचालित होगी।
गाडी संख्या 26963 उदयपुर सिटी-अहमदाबाद (असारवा) वंदे भारत एक्सप्रेस रेलसेवा 18 फरवरी से उदयपुर सिटी से 06.10 बजे रवाना होकर 10.25 बजे असारवा पहुंचेगी। इसी प्रकार गाडी संख्या 26964 अहमदाबाद (असारवा) -उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस रेलसेवा 18 फरवरी से असारवा से 17.45 बजे रवाना होकर 22.00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में जावर, डूंगरपुर व हिम्मतनगर स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस नियमित रेलसेवा में सात वातानुकुलित कुर्सीयान एवं एक एक्जिक्यूूटिव वातानुकुलित कुर्सीयान श्रेणी के डिब्बें होंगे।
इस नई रेल सेवा के संचालन के कारण गाड़ी संख्या 20979 एवं 20980 उदयपुर सिटी-जयपुर-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस रेलसेवा का 15 फरवरी से एवं गाडी संख्या 20981 एवं 20982, उदयपुर सिटी-आगराकैंट-उदयपुर सिटी वंदे भारत एक्सप्रेस रेलसेवा का 16 फरवरी से संचालन बन्द हो जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित