उदयपुर , मार्च 16 -- राजस्थान के उदयपुर में जिला प्रशासन द्वारा घरेलू गैस सिलेण्डर के दुरुपयोग और कालाबाजारी की रोकथाम को लेकर चलाये जा रहे अभियान के तहत सोमवार को रसद विभाग के दल ने एक मकान से 21 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए और दो गैस रिफिलिंग मशीनें जब्त की गई।
जिला रसद अधिकारी प्रथम सुश्री सृष्टि डबास (प्रशिक्षु आईएएस) के निर्देशन में रसद विभाग के सतर्कता दल ने अवैध गैस रिफिलिंग और जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई की। दल ने शहर में विनायक वाटिका के सामने उदयपुर-फतहनगर रोड स्थित एक मकान पर जांच की। इस दौरान मौके से 21 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए और दो गैस रिफिलिंग मशीनें पाई गईं, जिनमें से एक मशीन से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए पाया गया। दोनों मशीनों को जब्त कर लिया गया।
इसी क्रम में प्रवर्तन अधिकारी मानसी पंड्या और प्रवर्तन निरीक्षक डॉ. हिमानी सिंह सोलंकी के दल ने सूरजपोल क्षेत्र में भी कार्रवाई की। इस दौरान गणेश रेस्टोरेंट से अवैध रूप से उपयोग में लिए जा रहे चार घरेलू गैस सिलेंडर किचन से बरामद किए गए। वहीं संतोष दालबाटी, सूरजपोल में जांच के दौरान तीन व्यवसायिक गैस सिलेंडर बिना वैध दस्तावेज के पाए जाने पर उन्हें भी मौके पर जब्त कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित