उदयपुर , फरवरी 17 -- राजस्थान में उदयपुर में केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के तहत जनजातीय शिल्पकारों को प्रोत्साहन देने और उनके पारंपरिक उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 21 फरवरी से "आदि बाजार" का आयोजन किया जाएगा।

ट्राय फेड की क्षेत्रीय प्रबंधक मोनिका ने मंगलवार को बताया कि भारतीय लोक कला मंडल परिसर में होने वाले इस आदि बाजार का उद्घाटन राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया के मुख्य आतिथ्य में होगा। आयोजन के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए जनजातीय कारीगरों द्वारा करीब 30 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें पारंपरिक आदिवासी हस्तशिल्प उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस "आदि बाजार" में वस्त्र, धातु शिल्प, लकड़ी की कलाकृतियां, जूट उत्पाद, प्राकृतिक उत्पाद सहित विविध पारंपरिक जनजातीय वस्तुएं उपलब्ध रहेंगी। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय शिल्पकारों को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना और आमजन को उनकी समृद्ध संस्कृति और कला से रूबरू कराना है। यह आदि बाजार एक मार्च तक चलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित