उदयपुर , मार्च 20 -- प्रतिष्ठित औद्योगिक संगठन पीएचडी चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से झीलों की नगरी उदयपुर में तीन दिवसीय राजस्थान इंडस्ट्रियल ट्रेड एक्सपो-2026 राइटेक्स के द्वितीय संस्करण का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ।
पीएचडी चैंबर, उदयपुर संभाग के संयोजक मुकेश माधवानी ने बताया कि बीएन कॉलेज ग्राउंड में आयोजित यह एक्स्पो 22 मार्च तक चलेगा। नेशनल स्मॉल इंडस्ट्रीज कॉर्पोरेशन लिमिटेड, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) के क्षेत्रीय महाप्रबंधक (अहमदाबाद) विकास चंद्र नायक शुभारम्भ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे जबकि राज्य के उद्योग, वाणिज्य एवं सीएसआर विभाग के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा और रीको, उदयपुर के अतिरिक्त महाप्रबंधक अजय पंड्या विशिष्ट अतिथि थे।
श्री माधवानी ने बताया कि कार्यक्रम में अतिथियों ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत प्रदर्शनी में ग्रामीण क्षेत्र से आए उद्यमियों को सरकारी योजनाओं के बारे में बताया कि किस तरह सरकारी योजनाओं के साथ जुडकर अपने उत्पादों को बडे बाजार में बेचा जा सकता हैं। एमएसएमई के सहयोग से पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत एक पवेलियन लगाया गया है जिसमें 50 से अधिक इकाइयां भाग ले रही हैं।
उन्होंने बताया कि एक्सपो में जयपुर,पाली, बीकानेर सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आये उद्यमियों एवं व्यापारियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। एक्सपो में 90 से ज्यादा दुकानें लगाई गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित