उदयपुर , फरवरी 17 -- राजस्थान में उदयपुर में पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के तीन दिवसीय 'ऋतु वसंत' कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में स्थापित कलाकार 20 फरवरी से अपनी प्रस्तुतियां पेश करेंगे।

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक फुरकान खान ने मंगलवार को बताया कि उत्सव के पहले दिन शिल्पग्राम के मुक्ताकाशी मंच पर देश के वरिष्ठतम बांसुरी वादकों में से एक दिल्ली के संगीतज्ञ चेतन जोशी बांसुरी वादन से शास्त्रीय संगीत प्रेमियों को रिझाएंगे। इनके साथ आंजनेय जोशी बांसुरी और पंडित हितेंद्र दीक्षित तबले पर संगत करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा वर्ष 2019 के लिए केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से नवाजे जा चुके चेतन जोशी अपने बांसुरी वादन में ऋतु के वसंती रंग शिल्पग्राम की फिज़ां में घोलेंगे।

उन्होंने बताया कि इसी दिन मशहूर नृत्यांगना दिल्ली की गौरी दिवाकर कथक की उत्कृष्ट प्रस्तुति देंगी। भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक की प्रसिद्ध नृत्यांगना एवं कोरियोग्राफर ने अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रभावशाली प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ाया है।

श्री खान ने बताया कि नयी दिल्ली की इस नृत्यांगना ने पारंपरिक कथक को आधुनिक अभिव्यक्ति के साथ प्रस्तुत करके कला जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है। वह लंदन के दरबार उत्सव सहित सिडनी नृत्य उत्सव और एडिनबर्ग फ्रिंज उत्सव में अपनी प्रस्तुतियों से जहां दर्शकों का मन मोह चुकी हैं, वहीं समीक्षकों से भी खासी प्रशंसा पा चुकी हैं। वह अपने समूह के साथ शिल्पग्राम में कथक प्रस्तुतियों में जहां वसंती रंग के साथ मां सरस्वती को रिझाएंगी, वहीं कथक प्रेमियों काे मंत्र मुग्ध करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित