उदयपुर , अप्रैल 06 -- राजस्थान के उदयपुर में राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर सीधी भर्ती प्रतियोगी परीक्षा दूसरे दिन सोमवार को भी शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं परीक्षा समन्वयक दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि सोमवार को परीक्षा की पहली पारी पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित हुई। इस पारी में कुल पंजीकृत 33 हजार 155 अभ्यर्थियों में से 18 हजार 472 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 14 हजार 683 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उपस्थिति प्रतिशत 55.71 रहा।

उन्होंने बताया कि दूसरी पारी अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की गई। इसमें भी कुल 33 हजार 155 अभ्यर्थियों में से 18 हजार 377 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 14 हजार 778 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पारी में उपस्थिति प्रतिशत 55.42 दर्ज किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित