जयपुर , फरवरी 23 -- राजस्थान में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि उदयपुर जिले में वर्तमान राज्य सरकार द्वारा 14320.68 लाख रुपये के 707 कार्यों एवं उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 62 कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गयी है और सभी स्वीकृत कार्य शीघ्र पूरे किये जाएंगे।

श्री खराड़ी प्रश्नकाल में विधायक फूल सिंह मीणा के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इसमें से 35 कार्यों की वित्तीय स्वीकृति जारी की जा चुकी है। सदस्य द्वारा सदन में सड़क संबंधी समस्या बताने पर उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि सम्बंधित सड़क का प्रस्ताव प्रेषित करने पर इसे शीघ्र ही स्वीकृत कर कार्य पूर्ण करा दिया जाएगा।

इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने कहा कि उदयपुर जिले में जनवरी, 2024 से गत दिसम्बर तक स्वीकृत 707 कार्यों और उनकी प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृतियों का विधानसभा क्षेत्रवार विवरण सदन के पटल पर रखा। उन्होंने बताया कि स्वीकृत कार्यों में से 99 कार्य पूर्ण हुये हैं। अपूर्ण कार्यों का मुख्य कारण निविदा प्रक्रिया, भूमि विवाद, कार्यकारी एजेन्सी के स्तर पर देरी आदि कारणों से विलम्ब होना है। पूर्ण कार्यों का विवरण भी उन्होंने सदन के पटल पर रखा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित