उदयपुर , जून 30 -- राजस्थान में उदयपुर के साहित्यकार परितोष चन्द्र दुगड़ ने अपनी नवीनतम पुस्तक 'लिव्स ऑफ लाइफ ए कलेक्शन ऑफ फ्लेश फिक्शन' की एक प्रति कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत को बेंगलुरु स्थित राजभवन में भेंट की।
श्री दुगड़ ने भेंट के दौरान राज्यपाल को पुस्तक की विषयवस्तु और उसकी साहित्यिक विशेषताओं से अवगत कराया। पुस्तक में 121 अति लघु कथाओं को इस संग्रह में मानवीय संबंधों, मानव स्वभाव, नैतिक मूल्यों, जीवन संघर्षों और दैनिक अनुभवों को अत्यंत संक्षिप्त, लेकिन प्रभावशाली कथानकों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक जीवन की विविध संवेदनाओं को सहज भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती है।
लेखक दुगड़ ने मंगलवार को यहां एक बयान में बताया कि यह पुस्तक युवा से लेकर वरिष्ठ आयु वर्ग तक के पाठकों के लिए समान रूप से रोचक एवं प्रेरणादायक है। साथ ही यह एक ऐसी साहित्यिक कृति है जिसे उपहार स्वरूप भी भेंट किया जा सकता है।
श्री गहलोत ने पुस्तक और लेखक के साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए इस जैसी सृजनात्मक विधा को समृद्ध बनाने में उनके प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने पुस्तक की सफलता और भविष्य में और उत्कृष्ट साहित्य सृजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
श्री दुगड़ ने बताया कि पुस्तक का औपचारिक लोकार्पण शांतिनिकेतन साहित्य महोत्सव, पश्चिम बंगाल में किया जाएगा। इसके अलावा जुलाई में उदयपुर में भी पुस्तक का प्रथम लोकार्पण समारोह आयोजित किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित