जयपुर , अप्रैल 15 -- राजस्थान पुलिस के 77वें स्थापना दिवस के अवसर पर राजस्थान पुलिस अकादमी जयपुर में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में इस वर्ष समाज सेवा के क्षेत्र में अनूठा उदाहरण पेश करने वाले तीन नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इन चयनित नागरिकों को मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा। राज्य स्तर पर सम्मानित होने वाली सूची में सिरोही जिले के समाजसेवी एवं स्वयंसेवी सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश प्रजापति, झालावाड़ जिले से आम नागरिक सुरजीत कश्यप, जिन्होंने समाज सेवा में अनुकरणीय भूमिका निभाई तथा उदयपुर जिले से संभाग स्तरीय बाल सुरक्षा सलाहकार सिंधु बिनुजीत के नाम शामिल हैं।
उदयपुर की बाल संरक्षण सलाहकार सिंधु बिनुजीत को सम्मानित किया जाना राजस्थान पुलिस के बदलते स्वरूप और स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ा कदम है। आजादी के बाद से पुलिसिंग में कई बदलाव आए हैं लेकिन वर्तमान में बाल संरक्षण और महिला सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर पुलिस का ध्यान एक सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
सिंधु बिनुजीत की सक्रियता वर्ष 2010 में दक्षिणी राजस्थान के डूंगरपुर जिले में उस समय चर्चा में आई, जब उन्होंने बी.टी. कॉटन क्षेत्रों में बच्चों के बाल श्रम और पलायन को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाए। आदिवासी क्षेत्रों में परंपराओं के खिलाफ जाकर प्रशासन, पुलिस और यूनिसेफ के बीच समन्वय स्थापित कर उन्होंने बाल श्रम की मुख्य समस्या का समाधान निकाला।
उनके मुख्य कार्यों में केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि पुलिस विभाग के भीतर भी बदलाव लाना शामिल रहा है। उन्होंने पुलिस और बच्चों के बीच आत्मीय संवाद शुरू किया, जिससे बच्चों का पुलिस के प्रति डर खत्म हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित