उदयपुर , मई 13 -- राजस्थान में आबकारी विभाग ने उदयपुर एवं हनुमानगढ़ जिलों में एक करोड़ 25 लाख रुपए मूल्य की अंग्रेजी शराब जब्त की है।

विभाग की ओर से बुधवार को यहां जारी विज्ञप्ति में बताया गया आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में हनुमानगढ़ में मंगलवार देर रात की गई इस कार्रवाई में अनुमानित 90 लाख रुपए एवं उदयपुर में 35 लाख रूपए लागत की अवैध मदिरा बरामद की गई।

जिला आबकारी अधिकारी आदराम दहिया के नेतृत्व में खेरवाड़ा क्षेत्र में खांडी ओबरी टोल नाके पर ट्रक कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में गुप्त केबिन में अंग्रेजी शराब की 330 पेटियां बरामद की गई। मौके से ट्रक चालक मसरी कोडीयातार निवासी पोरबंदर गुजरात को गिरफ्तार किया गया।

उपायुक्त प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत ने बताया कि खेरवाड़ा में एक अन्य कार्रवाई में ट्रक से अनुमानित पांच लाख रूपए की अंग्रेजी शराब जब्त की गई।

हनुमानगढ़ में आबकारी थाना क्षेत्र संगरिया में आबकारी दल ने भारतमाला एक्सप्रेस वे पर एक 12 चक्के के ट्रक को रोककर तलाशी लेकर अरंडी के छिलकों से भरी बोरियों के नीचे छुपाकर रखी गई पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की कुल 1070 पेटियां बरामद कीं। मौके पर ट्रक को जब्त करके मंगलाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया । उक्त मदिरा की अनुमानित लागत 90 लाख रूपए आंकी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित