कोलकाता , मई 20 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि उत्तर बंगाल पिछले 17 वर्षों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मजबूती से खड़ा रहा है और अब पार्टी की बारी है कि वह जनता से किए गए हर चुनावी वादे को पूरा करके उनका कर्ज चुकाए।

श्री अधिकारी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद उत्तर बंगाल के अपने पहले दौरे के दौरान बुधवार को बागडोगरा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, "भाजपा सरकार चुनाव से पहले उत्तर बंगाल के लोगों को दिए गए सभी आश्वासनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तर और दक्षिण बंगाल के बीच दूरी की धारणा को खत्म करने के प्रयास के तहत मैं खुद हर महीने उत्तर बंगाल का दौरा करूँगा।"मुख्यमंत्री सुबह उत्तर बंगाल पहुंचे, जहां उनके स्वागत के लिए बागडोगरा हवाई अड्डे के बाहर और सड़कों पर हजारों भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय निवासी एकत्र हुए थे। उन्होंने हाथ जोड़कर भीड़ का अभिवादन किया और पिछले कुछ वर्षों में लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनावों में भाजपा का बार-बार समर्थन करने के लिए उत्तर बंगाल के लोगों को धन्यवाद दिया। कोलकाता लौटने से पहले उनका सिलीगुड़ी में एक उच्च स्तरीय प्रशासनिक समीक्षा बैठक सहित कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है।

उत्तर बंगाल विकास मंत्री की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने कहा, "साल 2009 से उत्तर बंगाल के लोग भाजपा के साथ मजबूती से खड़े हैं। अब उस कर्ज को चुकाने की हमारी बारी है। सत्ता में आने के बाद, हम चुनाव से पहले किए गए अपने हर वादे को पूरा करेंगे।"श्री अधिकारी ने कहा, "अब से कैबिनेट के सदस्य और मैं हर महीने उत्तर बंगाल का दौरा करेंगे। हम यहाँ पहाड़ों का आनंद लेने या पर्यटन के लिए नहीं आ रहे हैं। हम यहाँ केवल काम करने आ रहे हैं। हमारे उत्तर बंगाल विकास मंत्री भी हर हफ्ते उत्तरकन्या में बैठेंगे।"हवाई अड्डे से श्री अधिकारी सीधे सिलीगुड़ी के सैटेलाइट टाउनशिप क्षेत्र में स्थित राज्य सरकार के मिनी सचिवालय 'उत्तरकन्या' के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने एक बड़ी प्रशासनिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें पाँच उत्तरी जिलों के विधायक, वरिष्ठ नौकरशाह, पुलिस अधीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक शामिल हुए।

नबन्ना (सचिवालय) के सूत्रों के अनुसार, बैठक मुख्य रूप से आने वाले मानसून के मौसम की अग्रिम तैयारियों पर केंद्रित है, जिसमें उत्तर बंगाल में बार-बार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं जैसे बाढ़, भूस्खलन, अचानक आने वाली बाढ़ और नदियों के कटाव से निपटने पर विशेष जोर दिया गया है। इस क्षेत्र में सड़क संपर्क सुधारने, समग्र कानून-व्यवस्था की स्थिति को मजबूत करने और चाय बागान श्रमिकों की मजदूरी व स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े लंबे समय से लंबित मुद्दों को हल करने पर भी चर्चा की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को अवैध निर्माण, सरकारी भूमि पर अतिक्रमण और उत्तर बंगाल में नदियों के किनारे सक्रिय रेत व पत्थर तस्करी माफिया के खिलाफ 'शून्य सहनशीलता' (जीरो टॉलरेंस) की नीति अपनाने का निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री द्वारा नियमित दौरे सुनिश्चित करने और मंत्री निशीथ प्रमाणिक द्वारा उत्तरकन्या में साप्ताहिक बैठकें करने के निर्णय से इस क्षेत्र में शासन व्यवस्था मजबूत होने और जन शिकायतों के निवारण तंत्र में सुधार होने की उम्मीद है।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नई सरकार द्वारा उत्तर बंगाल पर ध्यान केंद्रित करने से आने वाले महीनों में इस क्षेत्र में भाजपा का प्रभाव और मजबूत हो सकता है। इस बीच,राज्य के ग्रामीण विकास एवं पशु संसाधन विकास मंत्री दिलीप घोष ने आज कहा कि राज्य सरकार उत्तर बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों में ग्राम पंचायत प्रणाली लागू करने की तैयारी कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित