मुंगेर , जनवरी 23 -- बिहार के मुंगेर जिले में सरकारी नियंत्रण में संचालित मुंगेर बंदूक कारखाना के निर्माताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार की तर्ज पर जिले में "डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर" की स्थापना की मांग की है।
मुंगेर बंदूक विनिर्माता संघ के संयुक्त सचिव संदीप कुमार शर्मा ने कहा कि मुंगेर बंदूक कारखाना 100 से अधिक वर्षों से डबल बैरल बंदूक का निर्माण करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि मुंगेर बंदूक कारखाना के कुशल कारीगरों में यह क्षमता है कि वे भारत सरकार के रक्षा विभाग के उपकरणों का भी निर्माण करने में सफल होंगे।मुंगेर के बंदूक कारीगरों की कुशलता पूरे देश में चर्चित रही है।
श्री शर्मा ने कहा कि बिहार सरकार से जल्द मुंगेर जिले में डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की स्थापना की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि यहां कॉरिडोर की स्थापना किये जाने से इस क्षेत्र के लोगों को भी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप में काफी संख्या में रोजगार का मौका मिलेगा।
मुंगेर के जिला पदाधिकारी निखिल धनराज निप्पणीकर ने मुंगेर बंदूक कारखाना के निर्माता को बंदूक कारखाना के व्यवसाय की बढ़ोतरी में हर प्रकार का सहयोग देने का आश्वासन दिया है। उन्होंने मुंगेर के उद्यमियों और व्यापारियों को जिले में टेक्सटाइल उद्योग और एम्यूजमेंट पार्क में निवेश करने को भी प्रेरित किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित