गौतमबुद्धनगर , मई 17 -- उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेंद्र तोमर ने रविवार को कहा कि प्रदेश की शिक्षा में अनुदेशकों की अहम भूमिका है।
श्री तोमर ने गौतमबुद्धनगर के अनुदेशकों के सम्मान में रविवार को आयोजित समारोह में यह बात कही। ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल, सिग्मा-वन के सभागार में बढ़े हुए मानदेय के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह में जिलेभर से आए अनुदेशकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी उपस्थित अतिथियों और अनुदेशकों ने देखा। इसके बाद जनपद स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सोमेंद्र तोमर, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रियंका, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार सहित अन्य अधिकारियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय घोड़ी बछेड़ा की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शॉल भेंट कर स्वागत किया गया।
श्री तोमर ने कहा कि अनुदेशक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और अनुदेशकों के मानदेय में वृद्धि उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि अनुदेशकों के प्रयासों से शिक्षा विभाग नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा और विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी आशीष सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी लवेश सिसोदिया, जिला बचत अधिकारी शलभ राठी, ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या मंजू कौल, खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रभूषण प्रसाद एवं मोहम्मद राशिद सहित शिक्षा विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला समन्वयक प्रशिक्षण राकेश कुमार, निपुण भारत मिशन के जिला समन्वयक अमित कुमार, समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक अरविंद पाठक, ईएमआईएस इंचार्ज संजीव पाठक, एमआईएस समन्वयक रंजीत यादव तथा मिड डे मील समन्वयक राघव मेहंदीरेत्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, एसआरजी, एआरपी और चारों ब्लॉकों से आए अनुदेशक मौजूद रहे।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा सात अनुदेशकों को सांकेतिक चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सोनम भाटी (उच्च प्राथमिक विद्यालय गुलिस्तानपुर), साहिना परवीन (उच्च प्राथमिक विद्यालय दादरी), देवीराम (उच्च प्राथमिक विद्यालय अट्टा फतेहपुर), विजय (उच्च प्राथमिक विद्यालय मामूरा), रवि खारी और सारिका बंसल (उच्च प्राथमिक विद्यालय बिरौंडी चक्रसेनपुर) प्रमुख रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित