मथुरा , जून 12 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को कहा कि प्रदेश की मौजूदा स्थिति "जंगलराज" की ओर इशारा करती है।

मथुरा-वृंदावन दौरे के दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था, ऊर्जा विभाग के विवाद और अयोध्या राम मंदिर से जुड़े मुद्दों को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुये उन्होने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में सामने आए चढ़ावे की चोरी बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा, "जिस भगवान राम के नाम पर भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आई, आज उसी राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट में शामिल कुछ लोग इस पूरे प्रकरण में संलिप्त हैं और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

अजय राय ने यह भी दावा किया कि अयोध्या एयरपोर्ट से कई उड़ानें बंद हो चुकी हैं और धार्मिक नगरी को केवल व्यापारिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश में बिजली बिलों पर प्रस्तावित 10 प्रतिशत फ्यूल चार्ज के मुद्दे पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार के भीतर मतभेद होने का आरोप लगाया और कहा कि ऊर्जा मंत्री और संबंधित विभागीय अधिकारियों के बयान एक-दूसरे से मेल नहीं खाते। उनके अनुसार, एक ओर ऊर्जा मंत्री इस विषय में जानकारी न होने की बात कह रहे हैं, जबकि दूसरी ओर विभागीय स्तर पर इसे जनहित में लिया गया निर्णय बताया जा रहा है।

कांग्रेसी नेता ने कहा, "यह सिर्फ अधिकारियों का विवाद नहीं है, बल्कि मुख्यमंत्री और ऊर्जा मंत्री के बीच टकराव का परिणाम है। यह दिल्ली बनाम उत्तर प्रदेश की लड़ाई बन चुकी है।" उन्होंने दावा किया कि ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, जो पूर्व में गुजरात कैडर के अधिकारी रहे हैं, केंद्र नेतृत्व के करीबी माने जाते हैं और इसी कारण प्रदेश सरकार के भीतर मतभेद उभरकर सामने आ रहे हैं।

पूर्व विश्व सुंदरी और अभिनेत्री सुष्मिता सेन द्वारा राहुल गांधी को लेकर दिए गए कथित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय ने कांग्रेस नेता का बचाव किया। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने देशभर में 10 हजार किलोमीटर से अधिक की यात्रा की है, जिसमें हजारों किलोमीटर की पैदल यात्रा शामिल है। आज देश में ऐसा कोई दूसरा नेता नहीं है जिसने जनता के बीच जाकर इतनी लंबी यात्रा की हो।"उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने स्वयं को देश की सेवा के लिए समर्पित किया है और उनके लिए इस तरह की टिप्पणियां करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

अजय राय ने बताया कि वह पुरुषोत्तम मास के अवसर पर गोवर्धन महाराज की सात कोस परिक्रमा करने मथुरा पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ की जाने वाली इस परिक्रमा के दौरान देश और प्रदेश में शांति, समृद्धि तथा सामाजिक सद्भाव की कामना की जाएगी।

उन्होंने कहा कि वे बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से मुक्ति की प्रार्थना करेंगे। साथ ही ओमान में मारे गए भारतीय नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए भी प्रार्थना की जाएगी।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों पर बोलते हुए अजय राय ने कहा कि कांग्रेस राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर संगठन को मजबूत करने में जुटी हुई है। मथुरा-वृंदावन सीट पर संभावित प्रत्याशी और विपक्षी दलों के साथ गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।

स्थानीय स्तर पर गुटबाजी और होर्डिंग-बैनरों में जिला अध्यक्ष की तस्वीर न होने के सवाल पर उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, "जिला अध्यक्ष हमारे साथ मजबूती से खड़े हैं, तस्वीर से ज्यादा महत्वपूर्ण संगठन की एकजुटता है।" उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित