लखनऊ , जून 30 -- दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय होने के साथ ही उत्तर प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।

मौसम विभाग के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बरेली जिले के बहेड़ी में सर्वाधिक 157 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा ललितपुर के तालबेहट में 106 मिमी, बरेली के नवाबगंज में 40 मिमी, रामपुर के बिलासपुर में 33 मिमी, शाहजहांपुर के नरौरा बुलंदशहर में 32.2 मिमी, ललितपुर में 25.8 मिमी तथा मिलक (रामपुर) और शाहजहांपुर वेधशाला में 24.2-24.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

पूर्वी उत्तर प्रदेश में निगहासन (खीरी) में 96.4 मिमी, मोहम्मदी (खीरी) में 86.4 मिमी, पलियाकलां (खीरी) में 69.4 मिमी, अयोध्या वेधशाला में 69 मिमी, टांडा (अंबेडकरनगर) में 68 मिमी तथा गोंडा और मनकापुर में 64-64 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा खलीलपुर (संतकबीरनगर) में 55.8 मिमी, भिनगा में 48.6 मिमी, हरदोई वेधशाला में 47.2 मिमी तथा धनघटा में 42 मिमी वर्षा हुई।

मौसम विभाग ने बताया कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं और अगले दो से तीन दिनों के दौरान प्रदेश के शेष हिस्सों में भी इसके सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा का सिलसिला जारी रहने तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा होने के आसार हैं।

इस बीच, मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जुलाई माह के लिए जारी मासिक पूर्वानुमान में कहा है कि देश में जुलाई के दौरान औसत वर्षा सामान्य से कम (दीर्घकालिक औसत के 94 प्रतिशत से कम) रहने की संभावना है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों, पूर्व-मध्य भारत तथा पूर्वी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में सामान्य से सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है।

आईएमडी के अनुसार जुलाई में देश के अधिकांश भागों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। वहीं भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में कमजोर एल-नीनो की स्थिति बनी हुई है, जिसके मानसून के दौरान और मजबूत होने की संभावना है, जबकि हिंद महासागर द्विध्रुव (आईओडी) तटस्थ स्थिति में बना रहने का अनुमान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित