लखनऊ , मई 27 -- पिछले एक पखवारे से प्रचंड गर्मी और लू का सामना कर रहे उत्तर प्रदेश में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कहीं लू तो कहीं तेज आंधी, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज शाम को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं, जबकि 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में उष्ण लहर से लेकर भीषण लू चलने की चेतावनी भी जारी की है।
28 मई से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चलने वाली आंधी, जो झोंकों में 80 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है, की चेतावनी जारी की गई है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी आशंका व्यक्त की गई है। 29 मई को मौसम विभाग ने सबसे अधिक सतर्क रहने की सलाह दी है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 80 से 90 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान आने की संभावना है, जिसके झोंके 100 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकते हैं। इसके साथ ही भारी बारिश और ओलावृष्टि की भी चेतावनी जारी की गई है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 70 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
30 और 31 मई को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों 40 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा तक की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
हालांकि एक जून और दो जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना जताई गई है तथा किसी विशेष चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों को फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। विभाग ने लोगों को समय-समय पर मौसम अपडेट और बिजली गिरने की चेतावनी के लिए "मौसम", "मेघदूत" और "दामिनी" ऐप का उपयोग करने की सलाह भी दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित