लखनऊ , अप्रैल 21 -- उत्तर प्रदेश में तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी और अगले पांच दिनों में हीटवेव की आशंका को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और 21 अप्रैल के बाद तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे कई इलाकों में लू जैसी परिस्थितियां बन सकती हैं। लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक ए.के. सिंह ने बताया कि आने वाले सप्ताह में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और तापमान में वृद्धि के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके साथ ही रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। प्रयागराज लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक है।
इससे पहले रविवार को यहां 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था, जो प्रदेश में सबसे अधिक और देश में दूसरा सबसे ज्यादा था। राजधानी लखनऊ में सोमवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 2.4 डिग्री ज्यादा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित