लखनऊ , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अनेक हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और मानसूनी गतिविधियां तेज होने से उमस से भी राहत मिलने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अनेक स्थानों पर गरज के साथ वर्षा और बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है, जबकि कुछ अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और विशेषकर आकाशीय बिजली के समय खुले स्थानों, पेड़ों तथा जलाशयों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी है।

राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान सामान्यतः बादलों से ढका रहेगा। दिन में एक-दो दौर की बारिश अथवा गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस, अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 95 प्रतिशत तथा न्यूनतम आर्द्रता 75 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह से शाम तक 0.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में वर्षा का वितरण भी असमान रहा। चित्रकूट मंडल के चुरक में 33.2 मिमी, कानपुर नगर में 22.0 मिमी, झांसी में 19.2 मिमी, हमीरपुर में 11.0 मिमी, कानपुर (आईएएफ) में 9.0 मिमी, आगरा में 7.2 मिमी तथा प्रयागराज में 6.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं वाराणसी, सुल्तानपुर, बाराबंकी, मेरठ, बरेली और अन्य कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों से मौसम के ताजा पूर्वानुमान तथा आकाशीय बिजली संबंधी चेतावनियों पर लगातार नजर रखने की अपील की है। विशेषकर निचले इलाकों, नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और खेतों में कार्य कर रहे किसानों को मौसम की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित