कुशीनगर , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दावा किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार के समय प्रदेश में विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी जबकि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास का नया वातावरण बना है। मुख्यमंत्री ने कुशीनगर के रामकोला और हाटा विधानसभा क्षेत्रों में 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा), पर तीखा हमला बोला। टेकुआटार में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों के पास न तो नीति थी और न ही नीयत। उनकी सोच ही विकास विरोधी थी, ऐसे में प्रदेश के विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान दंगे और कर्फ्यू आम बात थे, लेकिन आज प्रदेश शांति, सुरक्षा और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि मंदिरों पर कब्जा करने वाले लोग अयोध्या, काशी और मथुरा के बारे में कैसे सोच सकते हैं। धर्म और आस्था पर आज उपदेश देने वालों को पहले अपना चेहरा देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब इंसेफेलाइटिस के कारण मासूम बच्चों की जान जाती थी और मुसहर समुदाय के लोगों की भूख से मौत की खबरें आती थीं। आज प्रदेश में स्थिति बदल चुकी है। अब लोगों को आवास, बिजली, गैस कनेक्शन, उपचार, रोजगार और विकास की सुविधाएं मिल रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान सेवाओं के संबंध में कहा कि पश्चिम एशिया में पैदा हुए संकट और नए एयरक्राफ्ट की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण यहां से नियमित उड़ानें शुरू नहीं हो सकीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही कुशीनगर से उड़ान सेवाएं शुरू होंगी और यह हवाई अड्डा गया तथा जेवर से भी जुड़ जाएगा।

नारायणी नदी के उस पार स्थित दियारा क्षेत्र के गांवों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने इस क्षेत्र की उपेक्षा की। उन्होंने बताया कि नारायणी नदी पर करीब 800 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। पुल बनने के बाद दियारा क्षेत्र के गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित