जौनपुर , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के पंचायती राज मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने गुरुवार को कहा कि विपक्ष दंगा कराना चाहता था, लेकिन प्रदेश में कानून का राज है। श्री राजभर गुरुवार को जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भकुरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने एक सप्ताह पूर्व सड़क दुर्घटना में मृत शनि राजभर के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। बताया गया कि सैफपुर जपटापुर गांव निवासी 24 वर्षीय शनि राजभर बचपन से ही अपने ननिहाल भकुरा गांव में रहकर पढ़ाई कर रहा था। गत पांच मई को सड़क दुर्घटना में उसकी मृत्यु हो गई थी।
मंत्री के सामने मृतक की मां भावुक हो गईं और कहा कि वह मजदूरी कर बेटे को पढ़ा रही थीं ताकि वह बुढ़ापे का सहारा बन सके, लेकिन उसकी असमय मृत्यु हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद कई प्रशासनिक अधिकारी और नेता आए तथा आश्वासन देकर चले गए, लेकिन एक सप्ताह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
श्री राजभर ने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि विपक्ष दंगा कराना चाहता था, लेकिन प्रदेश में कानून का शासन है। इस दौरान जब मंत्री वहां से लौटने लगे तो मृतक की मां उनकी गाड़ी के आगे सड़क पर लेट गईं और न्याय की गुहार लगाने लगीं। उन्होंने कहा कि घटना को एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित