देवरिया, दिसम्बर 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई में संगठन और सत्ता में गोरखपुर मण्डल का दबदबा बना हुआ है।

गोरखपुर मण्डल में चार जिले गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज जिले हैं। गोरखपुर सदर से विधायक योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। महराजगंज जिले के निवासी पंकज चौधरी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पर निर्वाचित हुए हैं जबकि गोरखपुर शहर के निवासी भाजपा के वरिष्ठ नेता शिव प्रताप शुक्ला इस समय हिमाचल के राज्यपाल है। इसी तरह गोरखपुर के बांसगांव सुरक्षित सीट से भाजपा सांसद कमलेश पासवान केन्द्र सरकार में राज्य मंत्री हैं।

गोरखपुर सदर विधानसभा सीट से चार बार विधायक रहे डा.राधामोहन दास अग्रवाल इस समय भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री पद की शोभा बढ़ा रहे हैं जबकि गोरखपुर से ही संगीता यादव राज्य सभा सांसद के साथ वर्तमान में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय इकाई में राष्ट्रीय मंत्री की भूमिका निभा रही हैं। देवरिया जिला निवासी धर्मेन्द्र सिंह भाजपा में प्रदेश उपाध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। गोरखपुर मण्डल से ही पूर्व विधायक बेचन राम एससी/ एसटी आयोग के उपाध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। गोरखपुर मण्डल के व्यापारी नेता पुष्पदंत जैन व्यापारी कल्याण बोर्ड के प्रदेश उपाध्यक्ष है और राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है। चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी विधानसभा में मुख्य सचेतक की भूमिका निभा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित