कानपुर , जनवरी 24 -- उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि आज का दिन प्रदेश के गौरव, पहचान और सामर्थ्य का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि यह वही भूमि है जहां संस्कृति ने आकार लिया और राम, कृष्ण व बुद्ध की परंपरा विकसित हुई। स्वतंत्रता आंदोलन में उत्तर प्रदेश की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई गति पकड़ी है और विकसित भारत का मार्ग विकसित उत्तर प्रदेश से होकर ही गुजरेगा। सांसद ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में कानपुर के विकास को नई रफ्तार मिली है और शहर तेजी से विकसित कानपुर की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय स्थित वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में विधायिका नीलिमा कटियार, विधायिका सरोज कुरील, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सरोज कुरील ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में कानून व्यवस्था, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण ने कहा कि बीते आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश की पहचान विकास के पथ पर अग्रसर राज्य के रूप में मजबूत हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित