लखनऊ , सितंबर 20 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह मेरठ और सहारनपुर में युवा सम्मेलन, शक्ति केंद्र सम्मेलन तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठकें करेंगे। पार्टी के अनुसार, इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होगी।
भाजपा के केंद्रीय कार्यालय से रविवार को जारी कार्यक्रम के मुताबिक, नवीन 21 सितंबर को मेरठ पहुंचेंगे। वह सबसे पहले इंडियन नेशनल आर्मी शहीद स्मारक एवं उपवन में अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद पूर्वाह्न 11:30 बजे स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के मांगल्य ऑडिटोरियम में आयोजित युवा सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
वह इसी परिसर में दोपहर 1:45 बजे पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। इसके बाद पश्चिम क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन 22 सितंबर को नवीन मेरठ में प्रबुद्धजनों और समाज के विशिष्ट नागरिकों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद औघड़नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित