नयी दिल्ली , अगस्त 05 -- उत्तर प्रदेश के करीब 10 से अधिक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, कांग्रेस ओबीसी विभाग के अध्यक्ष अनिल जयहिंद और सांसद पवन खेड़ा ने सभी नये सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।

इस अवसर पर श्री गौतम ने कहा कि आज देश का हर वर्ग भाजपा सरकार से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा पूंजीपतियों को छोड़कर भाजपा ने समाज के हर वर्ग को कमजोर करने का काम किया है। शिक्षा को महंगा किया गया, सार्वजनिक उपक्रमों को बेचा गया, देश पर कर्ज बढ़ा और सरकारी स्कूल बंद किये जा रहे हैं। ऐसे कठिन समय में श्री राहुल गांधी युवाओं, किसानों, मजदूरों, दलितों और पिछड़ों की आवाज बनकर सामने आये हैं। उनके विचारों और संघर्ष से प्रभावित होकर विभिन्न क्षेत्रों के लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।

श्री जयहिंद ने कहा कि एक ओर मोदी सरकार के दबाव में राजनीतिक दल टूट रहे हैं और सांसद दल बदल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर आम जनता का समर्थन कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं में भारी असंतोष है और प्रयागराज में आयोजित होने वाला 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम राजनीतिक रूप से गेम चेंजर साबित हो सकता है।

इस दौरान डॉ. बी.पी, अशोक, रोहित जाखड़, अशोक सिंह, अनूप अंबेडकर समेत कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इन सभी ने श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में काम करने और पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित