लखनऊ , सितंबर 25 -- उत्तर प्रदेश की आठ सहकारी चीनी मिलों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कार्यक्षमता और दक्षता का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार हासिल किए हैं।

नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने विभिन्न श्रेणियों में चयनित चीनी मिलों को सम्मानित किया। राष्ट्रीय सहकारी शक्कर कारखाना संघ लिमिटेड (एनएफसीएसएफ) की ओर से हर वर्ष देश की सहकारी चीनी मिलों को गन्ना विकास, तकनीकी दक्षता, चीनी परता, वित्तीय प्रबंधन और समग्र प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इन पुरस्कारों का उद्देश्य सहकारी क्षेत्र की चीनी मिलों में बेहतर प्रबंधन, उत्पादन क्षमता और कार्यकुशलता को प्रोत्साहित करना है।

वर्ष 2024-25 के लिए घोषित पुरस्कारों में उत्तर प्रदेश की दि किसान सहकारी चीनी मिल, स्नेह रोड, नजीबाबाद (बिजनौर) को सभी निर्धारित मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए समग्र रूप से सर्वश्रेष्ठ सहकारी चीनी मिल का प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला। इसी अवधि में सरजू सहकारी चीनी मिल, बेलरायां (लखीमपुर खीरी) को गन्ना विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। दि किसान सहकारी चीनी मिल, गजरौला (अमरोहा) को चीनी परता में सुधार के लिए पुरस्कार मिला, जबकि बागपत को-ऑपरेटिव शुगर मिल्स लिमिटेड, बागपत को वित्तीय प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार प्रदान किया गया।

वर्ष 2025-26 के लिए घोषित पुरस्कारों में भी उत्तर प्रदेश की चार सहकारी चीनी मिलों ने अलग-अलग श्रेणियों में स्थान बनाया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल, मोरना (मुजफ्फरनगर) को गन्ना विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। रमाला सहकारी चीनी मिल, रमाला (बागपत) और पूर्वी उत्तर प्रदेश की दि किसान सहकारी चीनी मिल, सठियांव (आजमगढ़) को उत्कृष्ट तकनीकी दक्षता के लिए पुरस्कार मिला। वहीं दि किसान सहकारी चीनी मिल, पुवायां (शाहजहांपुर) को उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय दक्षता पुरस्कार से नवाजा गया।

प्रदेश की आठ सहकारी चीनी मिलों को राष्ट्रीय स्तर पर मिले इन पुरस्कारों को गन्ना विकास, उत्पादन, तकनीकी प्रबंधन और वित्तीय संचालन के क्षेत्र में उनके प्रदर्शन की उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

इस उपलब्धि पर चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, अपर मुख्य सचिव वीना कुमारी मीना, गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस., उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक मंगला प्रसाद सिंह और संयुक्त प्रबंध निदेशक अमृत पाल कौर ने पुरस्कार प्राप्त करने वाली चीनी मिलों के प्रबंध तंत्र एवं कार्मिकों को बधाई दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित