नोएडा , सितंबर 27 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित पांच दिवसीय यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो चौथे संस्करण में रविवार को आयोजित एक सत्र कार्यक्रम में एमएसएमई मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर बदलते भारत और बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर पेश कर रहा है।

उन्होंने कहा कि,हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने के लिए डिजिटल मार्केटिंग, मजबूत सप्लाई चेन, आधुनिक लॉजिस्टिक्स और बेहतर ब्रांडिंग पर जोर दिया जा रहा है। एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स के विशेष सत्र में प्रदेश सरकार का लक्ष्य औद्योगिक और निर्यात गतिविधियों का लाभ गांवों, कारीगरों, महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों तक पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश को देश के मजबूत ग्रोथ इंजन के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उद्योग और निर्यात के क्षेत्र में प्रदेश में लगातार विस्तार हुआ है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में औद्योगिक इकाइयों की संख्या में वृद्धि के साथ प्रदेश का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये से अधिक के स्तर पर पहुंच गया है।

मंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल मार्केट और सप्लाई चेन को मजबूत किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रदेश में एक्सपोर्ट हब विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वाराणसी जैसे प्रमुख निर्यात केंद्रों में लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, पैकेजिंग और कस्टम्स से संबंधित सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा के लिए केवल अच्छा उत्पाद होना पर्याप्त नहीं है। उत्पाद की पैकेजिंग, प्रस्तुति, ब्रांडिंग, प्रमाणन और समय पर आपूर्ति भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के हस्तशिल्प कारोबार को आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की पहल की जा रही है।

प्रदेश के प्रत्येक जिले में स्थापित कॉमन फैसिलिटी सेंटर को हाईटेक स्टूडियो के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन केंद्रों पर ब्रांडिंग और प्रमोशन के साथ 3डी और हाई-डेफिनिशन फोटोग्राफी, पैकेजिंग सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इन सुविधाओं का उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को डिजिटल बाजार के अनुरूप तैयार करना और उन्हें वैश्विक खरीदारों के सामने बेहतर तरीके से पेश करना है। इससे छोटे कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों की पेशेवर प्रस्तुति के लिए अलग से महंगी सुविधाओं पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।

महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को डिजिटल माध्यम से देश-विदेश के खरीदारों तक पहुंचाने से छोटे कारोबारियों के लिए बाजार का दायरा बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी, भदोही के कालीन और मुरादाबाद के हस्तशिल्प जैसे उत्पाद उत्तर प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में और मजबूती से स्थापित करने के लिए डिजिटल प्रमाणन, ऑनलाइन परमिट और ट्रेसबिलिटी जैसी व्यवस्थाओं को लागू किया जा रहा है।

श्री चौधरी ने वैश्विक खरीदारों, निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों से उत्तर प्रदेश के एक्सपोर्ट इकोसिस्टम से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की डिजिटल और औद्योगिक विकास यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है और हस्तशिल्प क्षेत्र को आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उद्योग आयुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि आने वाले समय में कारोबार का बड़ा हिस्सा डिजिटल माध्यमों पर निर्भर होगा। ऐसे में हस्तशिल्प उद्यमियों को इंस्टाग्राम, फेसबुक समेत विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मार्केटिंग और ब्रांडिंग को अपनी कारोबारी रणनीति का हिस्सा बनाना होगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश एमएसएमई और हस्तशिल्प का बड़ा केंद्र है। प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की व्यापक संभावनाएं हैं। कारोबारियों को केवल ट्रेडिंग तक सीमित रहने के बजाय उत्पाद की गुणवत्ता, उत्पादन क्षमता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और बेहतर मार्जिन पर भी काम करना चाहिए।

श्री पांडियन ने कहा कि प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पादों की पहचान कर उन्हें मॉडल के रूप में विकसित किया जा सकता है। होम डेकोर समेत अन्य उत्पादों के लिए डिजिटल और फिजिकल शोरूम तैयार करने तथा एक्सपोर्ट चैनल के माध्यम से विदेशी बाजारों तक पहुंच बनाने की जरूरत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित