नयी दिल्ली , दिसंबर 24 -- पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को क्षेत्र के राज्यों में कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने एवं किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से एक रणनीति तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण बैठक की।

इस बैठक में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, असम, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के कृषि मंत्री तथा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

बैठक में मूल्य शृंखला और बाजार संबंधों में मौजूद महत्वपूर्ण कमियों को दूर करने की आवश्यकता पर विचार-विमर्श किया गया। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इस बैठक में क्षेत्र की अंतर्निहित शक्तियों का उपयोग करके कृषि-बागवानी पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करने पर चर्चा की गयी।

बैठक में फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने और खर्चों को घटाने के तरीकों की पहचान करने पर चर्चा हुई। बैठक में मूल्य शृंखला के उत्पादन, फसल कटाई के बाद प्रसंस्करण, विपणन और रसद क्षेत्रों में मौजूदा बाधाओं की व्यवस्थित रूप से पहचान करने, जरूरी हस्तक्षेपों को प्राथमिकता देने और उपयुक्त निवेश तंत्र तैयार करने की जरूरत पर भी चर्चा की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित