जयपुर , मार्च 01 -- उत्तर पश्चिम रेलवे ने माल लदान और आय के क्षेत्र में उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए इस वर्ष फरवरी में 2.863 मिलियन टन माल लदान किया, जो कि गत वर्ष के फरवरी में हुई 2.499 मिलियन टन माल लदान की तुलना में 14.57 प्रतिशत अधिक है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार इसी प्रकार वित्त वर्ष 2025-26 में फरवरी तक कुल माल लदान 27.382 मिलियन टन किया गया है जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 26.305 मिलियन टन था जो कुल माल लदान में 4.09 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। माल ढुलाई से प्राप्त आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है और इस वर्ष फरवरी में रेलवे ने माल भाड़ा से 363.5 करोड़ रुपये की आय अर्जित की जो गत वर्ष फरवरी में अर्जित 306.45 करोड़ रुपये की तुलना में 18.62 प्रतिशत अधिक है।

उत्तर पश्चिम रेलवे पर माल लदान में यह निरंतर वृद्धि परिचालन दक्षता, बेहतर कार्य योजना, समयबद्ध सेवाओं तथा ग्राहक-केंद्रित कार्यशैली का परिणाम है। रेलवे द्वारा माल परिवहन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने तथा ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण और त्वरित सेवा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित