नयी दिल्ली , जनवरी 25 -- राष्ट्रीय राजधानी में ऊपरी हिमालय में हुई ताज़ा बर्फबारी के कारण रविवार को तेज़ उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ, लेकिन न्यूनतम तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दोपहर में दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गिरकर 149 हो गया, जो औसत श्रेणी में रहा। यह पिछले दिन के 192 के मुकाबले थोड़ा बेहतर था। नौ जनवरी, 2022 को एक्यूआई रीडिंग 69 तक गिर गई थी।
राजधानी में ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान भी गिर गया, जिससे पूरे शहर में कड़ाके की ठंड लौट आई। आज तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा, "पिछले 24 घंटों में दिल्ली में 17 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलीं।"मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। अगले दो दिनों में तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है और उसके बाद दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 26 से 28 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा जिससे कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है और 27 जनवरी को कुछ जगहों पर भारी बारिश/बर्फबारी और ओलावृष्टि के आसार है।
विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में, गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सुबह के समय कर्तव्य पथ क्षेत्र में हल्की से मध्यम धुंध छाने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित