वॉशिंगटन , जून 28 -- अमेरिकी विदेश विभाग ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर कोरिया की साइबर कमाई पर रोक लगाने के लिए अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। ये तीनों देश उत्तर कोरिया की साइबर कमाई पर रोक लगायेंगे, जो क्रिप्टोकरेंसी चोरी, धन शोधन और फर्जी सूचना प्रौद्योगिकी पेशेवर बनाकर की जाती है।
तीनों देशों के अधिकारियों ने यहां बैठक कर उत्तर कोरिया के बढ़ते साइबर खतरों पर चर्चा की। इस त्रिपक्षीय राजनयिक कार्य समूह की बैठक का मकसद इन खतरों के खिलाफ मिलकर रणनीति तैयार करना था। तीनों देशों के प्रतिनिधियों ने उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार पूरी तरह खत्म करने की प्रतिबद्धता दोहरायी। उन्होंने उत्तर कोरिया की आय के उन जरियों को बंद करने का भी संकल्प लिया, जिससे उसके प्रतिबंधित हथियारों और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों को पैसा मिलता है।
अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के प्रतिनिधियों ने उत्तर कोरिया की ओर से की गयी क्रिप्टोकरेंसी चोरियों पर चिंता व्यक्त की और केल्पडीएओ से 29 करोड़ डॉलर (2,736.45 करोड़ रुपये) तथा ड्रिफ्ट प्रोटोकॉल से 28.5 करोड़ डॉलर (2,689.27 करोड़ रुपये) की चोरी सहित अन्य घटनाओं की रिपोर्टों का संज्ञान लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों देश उत्तर कोरिया के क्रिप्टोकरेंसी चोरी के धंधे को बेनकाब करने पर सहमत हुए हैं। इसके साथ ही वे यूरोप, दक्षिण-पूर्व एशिया और अफ्रीका जैसे क्षेत्रों में उत्तर कोरिया से जुड़े साइबर खतरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास तेज करेंगे।
अधिकारियों ने यह भी चेताया कि उत्तर कोरियाई आईटी पेशेवर विदेशी कंपनियों में नौकरी हासिल करने और अवैध पैसा कमाने के लिए एआई का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने ऐसी चालाकियों को पकड़ने और रोकने के लिए तकनीकी जगत की पहलों में मदद करने का वादा किया।प्रतिनिधिमंडलों ने उत्तर कोरिया को साइबर संचालन के माध्यम से अवैध राजस्व उत्पन्न करने से रोकने के लिए निरंतर 'कानून प्रवर्तन सहयोग और अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों के कड़े कार्यान्वयन' पर जोर दिया। इन देशों के प्रतिनिधियों ने कहा कि साइबर खतरों का मुकाबला करने के लिए निजी क्षेत्र की विशेषज्ञता बहुत जरूरी है। उन्होंने कार्य समूह के इस पहले निजी बैठक में शामिल होने के लिए कॉइनबेस, मैंडिएंट थ्रेट इंटेलिजेंस, पॉलीमार्केट और अपवर्क को धन्यवाद दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित