देहरादून , जून 17 -- उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) को लेकर अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डाॅ विजय कुमार जोगदण्डे ने बुधवार को सचिवालय में मीडिया को बताया कि प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया के तहत 98 प्रतिशत गणना फार्म वितरित हो चुके हैं। जबकि 12 प्रतिशत गणना फार्म का डिजिटलीकरण किया जा चुका है।
डॉ जोगदण्डे ने बताया कि प्रदेश में पांच जिले क्रमशः चम्पावत, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, चमोली, पिथौरागढ़ और पौड़ी गढ़वाल में 99 प्रतिशत से अधिक फार्म वितरित हो चुके हैं। जबकि सबसे कम प्रगति वाले जिलों में भी देहरादून में लगभग 95 प्रतिशत, नैनीताल में 96 प्रतिशत, नैनीताल और टिहरी में 97 प्रतिशत फार्म का वितरण किया जा चुका है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में गणना फार्म को डिजिटलीकरण करने में अल्मोड़ा 33 प्रतिशत, पौड़ी गढ़वाल 25 प्रतिशत, पिथौरागढ़ 23 प्रतिशत के साथ शीर्ष स्थान में हैं। इसके साथ ही नैनीताल में चार प्रतिशत, देहरादून में सात प्रतिशत और ऊधमसिंह नगर जिले में लगभग आठ प्रतिशत ही फार्म डिजिटाइज हुए हैं। उन्होंने बताया कि सभी जिलोां को इस अभियान को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा 22 हजार 900 बूथ लेवल एजेंट की तैनाती कर दी गई है। गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। डाॅ. जोगदण्डे ने बताया कि सात जुलाई तक गणना फार्म के वितरण और संकलन के बाद एक सप्ताह में बूथों का पुर्नगठन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएग। इसके साथ ही 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसी बीच 14 जुलाई से 11 सितंबर तक सभी नोटिस जारी कर दावे आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। जबकि आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से अपना गणना फार्म ऑनलाइन भर सकते हैं। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए "बुक ए काॅल विद बीएलओ" के फीचर से मतदाता एक क्लिक पर अपने बीएलओ के साथ काॅल बुक करा सकते हैं। इसके लिए मतदाता वेबसाइट पर विजिट करके या मोबाइल एप को डाउनलोड कर अपनी काॅल बुक करा सकते हैं। काॅल बुक कराने के बाद दो दिन के भीतर बीएलओ द्वारा मतदाता से स्वयं संपर्क किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित