देहरादून , दिसम्बर 24 -- उत्तराखण्ड में आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) की तैयारियों के साथ, राज्य के सभी 70 विधानसभा (विस) क्षेत्रों के लिए 167 अतिरिक्त नए सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) की नियुक्ति की गई है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ0 विजय कुमार जोगदंडे ने बुधवार को बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी गई है। वर्तमान में प्रदेश में 70 विधानसभा क्षेत्रों में एसडीएम स्तर के 70 ईआरओ और तहसीलदार स्तर के 268 एईआरओ तैनात हैं। इसके अलावा, 167 नए एईआरओ की नियुक्ति के बाद प्रदेश में 435 एईआरओ आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण और इसकी तैयारियों को सम्पादित करेंगे।
डॉ0 जोगदंडे ने बताया कि इसमें मुख्य रुप से खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, चकबन्दी अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल ऑफिसर "बीएलओ आउटरीच अभियान" के तहत मतदाताओं से संपर्क, समन्वय और संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि ईआरओ और एईआरओ इस अभियान में बीएलओ द्वारा किए जा रहे आउटरीच अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित