देहरादून , अगस्त 27 -- उत्तराखण्ड में अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ जन-जागरूकता के लिए विद्यार्थियों एवं युवाओं को प्रारंभिक स्तर से ही साइबर अपराधों एवं डिजिटल जोखिमों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस विभाग ने राज्यव्यापी वर्चुअल साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

राजकीय नवोदय विद्यालय, तपोवन, देहरादून स्थित आईसीटी वर्चुअल क्लासरूम स्टूडियो से संचालित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ ने छात्र-छात्राओं से वर्चुवल माध्यम से सीधा संवाद करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया सेफ्टी, हेकिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंसी, साइबर बुलिंग एवं साइबर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया आदि समझाई। उन्होंने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर उनकी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का सरल, सहज एवं व्यावहारिक तरीके से उनकी शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने उन्हें दैनिक जीवन में अपनाई जा सकने वाली साइबर सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान प्रदेश के लगभग 1100 से अधिक राजकीय विद्यालयों के कक्षा छह से 12 तक के लगभग 1.75 लाख छात्र-छात्राओं ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। पुलिस महानिरीक्षक, साइबर नीलेश आनंद भरणे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ अजय सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक, साइबर शांतनु परासर ने विद्यार्थियों के द्वारा प्रश्नोत्तर एवं संवाद के रोचक सेशन के दौरान जागरूक किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित