देहरादून , सितम्बर 06 -- उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के एक शस्त्र विक्रेता को फर्जी लाइसेंस बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने रविवार देर शाम बताया कि थाना प्रेमनगर, जनपद देहरादून में मुकदमा आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में दर्ज किया गया था। गत 15 जनवरी को उक्त प्रकरण में अभियुक्त मनोज कुमार के कब्जे से एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस, एक अवैध .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल एवं पांच कारतूस बरामद किए गए थे। उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि अभियुक्त मनोज कुमार के शस्त्र लाइसेंस को सिरसा (हरियाणा) से मेरठ तथा बाद में देहरादून स्थानांतरित दर्शाया गया था, जबकि सिरसा जिलाधिकारी कार्यालय से उक्त शस्त्र लाइसेंस कभी जारी ही नहीं किया गया था। जांच में लाइसेंस पूर्णतः फर्जी पाया गया।

एसएसपी ने बताया कि विवेचना में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर यह भी प्रकाश में आया कि उक्त फर्जी शस्त्र लाइसेंस तैयार कराने में शिवा गन हाउस के मालिक शैलेन्द्र पुत्र राजपाल, निवासी जनपद मेरठ, उत्तर प्रदेश की भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर एसटीएफ टीम ने शैलेन्द्र को गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित