नयी दिल्ली , जुलाई 20 -- केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अधीन कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर से इराक को 24 टन (एमटी) फ्रोजन फ्रेंच फ्राइ के पहले निर्यात में सहायता प्रदान की है।
मंत्रालय की सोमवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि अनुसार वीरुन ग्लोबल ट्रेड प्रा.लि. द्वारा निर्यात की गई यह खेप उत्तराखंड से मूल्यवर्धित कृषि निर्यात को बढ़ावा देने और देश से प्रसंस्कृत खाद्य निर्यात को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
एपीडा ने वीरुन ग्लोबल को सियाल, गल्फूड, इंडसफूड और वर्ल्ड फ़ूड इंडिया सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनियों में भाग लेने में सहयोग दिया था जिससे कंपनी को विदेशी खरीदारों के साथ जुड़ने में मदद मिली है। कंपनी को अन्य देशों से भी आर्डर मिलन की उम्मीद है।
देश प्रसंस्कृत कृषि उत्पादों के एक वैश्विक स्रोत के रूप में अपनी स्थिति लगातार सुदृढ कर रहा है। 2025-26 के दौरान, प्रसंस्कृत सब्जियों का भारत का निर्यात 7,26,874.70 टन रहा जिसका मूल्य 93.23 करोड़ डॉलर तक था। इसमें मूल्यवर्धित आलू उत्पादों की मात्रा 277,108.51 टन थी जिसका मूल्य करीब 29 करोड़ डालर। एपीडा के कार्यक्षेत्र में आने वाले निर्यात में प्रसंस्कृत फलों और सब्जियों का हिस्सा लगभग 10 प्रतिशत था।
एपीडा अध्यक्ष अभिषेक देव ने कहा कि उत्तराखंड जैसे भू-आबद्ध राज्यों से निर्यात की प्रतिस्पर्धात्मकता पर लॉजिस्टिक्स लागत का लगातार प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि एपीडा निर्यात प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार लाने और निर्यातकों के लिए अधिक बाजार पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से परिवहन सहायता प्रावधानों सहित राज्य कृषि निर्यात नीति के निर्माण और कार्यान्वयन पर उत्तराखंड सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है।
उत्तराखंड में प्रसंस्कृत खाद्य उद्योग का विस्तार गुणवत्तापूर्ण कच्चे उत्पादों की निरंतर मांग सृजित करके, स्रोत स्तर पर मूल्यवर्धन को बढ़ावा देकर और निर्यात-उन्मुख आपूर्ति श्रृंखलाओं में अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करके कृषि मूल्य श्रृंखला में मजबूत बाजार अवसर पैदा कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित