चंपावत , मई 15 -- उत्तराखंड शासन ने चम्पावत को दो बड़ी सौगात देते हुए खेल सुविधाओं के विकास और पूर्व सैनिक परिवारों के बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत दौरे के तहत चम्पावत में खेल मैदान के विस्तारीकरण की घोषणा की थी। शासन की ओर से इसके लिए 54.88 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है। इसके तहत प्रथम किस्त के रूप में 32.90 लाख रुपये भी जारी कर दिए गए हैं। इस परियोजना का क्रियान्वयन भारतीय को-ऑपरेटिव ग्रामीण विकास एवं निर्माण लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।
खेल मैदान के विस्तार से सीमांत क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर अवसर प्राप्त होगा।
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री श्री धामी ने पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के आश्रित मेधावी छात्र-छात्राओं की उच्च शिक्षा के लिए भी बड़ी पहल की है। शासन द्वारा वर्ष 2024-25 की छात्रवृत्ति भुगतान हेतु कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से 20.39 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इस सहायता राशि का लाभ प्रदेश के 168 मेधावी छात्र-छात्राओं को मिलेगा, जो इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी जैसे उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत हैं।
राज्य सरकार ने कहा कि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि उनके आश्रितों को बेहतर भविष्य मिल सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित