देहरादून , अप्रैल 26 -- उत्तराखंड में 28 अप्रैल को पंचम विधानसभा (विस) के वर्ष 2026 के अंतर्गत आयोजित एक दिवसीय विशेष सत्र ''नारी सम्मान - लोकतंत्र में अधिकार'' को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को देहरादून स्थित विधान भवन में सुरक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी भूषण ने की।
बैठक में विशेष सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था, वीआईपी एवं आगंतुक प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पार्किंग, फायर सेफ्टी, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, संचार तंत्र, मीडिया प्रबंधन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
श्रीमती भूषण ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पूर्व तैयारियां समयबद्ध एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण की जाएं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि सत्र के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सत्र के दौरान सुरक्षा, शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दें। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के सहयोग से यह विशेष सत्र सफलतापूर्वक एवं गरिमामय ढंग से आयोजित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित